रजिस्ट्रेशन के लिए प्रदर्शन करते फार्मासिस्ट
राजोरी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फार्मासिस्ट का प्रशिक्षण करके घर बैठे युवकों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर जल्द पंजीकरण करने की गुहार लगाई। जीएमसी राजोेरी में प्रदर्शन कर रहे फार्मासिस्टोें ने बताया कि वे वर्षों से प्रशिक्षण करके घर बैठे हैं, लेकिन न तो उन्हें सरकारी नौकरी दी जा रही है और न ही उनका पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि वह अपने लाइसेंस बनवाकर व्यापार कर सकें।
प्रदर्शनकारी फार्मासिस्टोें ने बताया कि उन्हें केमिस्ट शॉप खोलने के लिए जो लाइसेंस बनाना है, उसके लिए उनका पंजीकरण जम्मू-कश्मीर फार्मेसी काउंसिल को करना होता है, लेकिन फार्मेसी काउंसिल के पास उनका पंजीकरण नहीं हो रहा है। इसके चलते वह बेरोजगार हैं। उन्होंने बताया कि करीब 6 माह पहले उन्होंने एक फाइल बनाकर जेएंडके फार्मेसी काउंसिल के पास प्रस्तुत करने के लिए सचिवालय में भेजी थी, लेकिन वो फाइल अभी तक सचिवालय में ही पड़ी है। उसे अभी तक फार्मेसी काउंसिल के पास नहीं भेजा गया, जिसके चलते सैकड़ों की संख्या में फार्मासिस्ट भटक रहे हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर फार्मेसी काउंसिल के पास फाइल की जांच करने के बाद उसे इंडियन फार्मेसी काउंसिल के पास भेजा जाना होता है, लेकिन अभी तक फाइल सचिवालय में ही धूल चाट रही है।
उन्होंने उपराज्यपाल से गुहार लगाते हुए कहा कि वह तत्काल उनके पंजीकरण वाले फाइल को फार्मेसी काउंसिल तक पहुंचाने के निर्देश दें ताकि उनकी समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह लोग उग्र प्रदर्शन करेंगे।