नौशेरा। जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग बगनोटी में एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही ट्रक कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुक्रवार की देर शाम को जम्मू से राजोरी की ओर जा रहा ट्रक नंबर जेके 12 ए- 0654 त्रिदेव विष्णु ढाबा के पास बगनोटी पहुंचने पर ट्रक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल में ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आसपास के लोगों ने और मौके पर पहुंची पुलिस ने उप जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी पहचान इंद्रजीत सिंह (22) पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी चक्जरलान तहसील नौशेरा के रूप में हुई। गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। लंबेड़ी चौकी प्रभारी अमित राधे ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार करके वाहन कब्जे में ले लिया है।