राजोरी। राजोेरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंजाकोट पुलिस थाने के अंतर्गत ककोड़ा इलाके में वीरवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इसमें 16 वर्षीय सह चालक और 12 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक बस (जेके02एई 3393) राजोरी से गंभीर मुगला की ओर जा रही थी। ककोड़ा क्षेत्र में एक मोड़ पर चालक अपना संतुलन खो बैठा और बस सड़क पर ही पलट गई। हादसे में घायल एक व्यक्ति दानिश ने बताया कि चालक बहुत तेज गति से वाहन चला रहा था। यात्रियों के बार बार मना करने पर भी चालक ने एक सुनी। अनियंत्रित होकर जैसे ही वाहन सड़क पर पलटा, 12 वर्षीय किशोरी और 16 वर्षीय किशोर सह चालक निकल कर सड़क पर गिर गए।
उन्होंने बताया कि दोनों किशोर बस के नीचे दब गए थे। हादसे के समय मौके पर चीख पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही मौके पर सेना और पुलिस पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एक जेसीबी से बस के नीचे दबे सह चालक और किशोरी को निकाला, और अस्पताल भेजा।
वहीं, जीएमसी राजोेरी के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. महमूद अहमद ने बताया कि दो लोगों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। उनकी पहचान सह चालक मोहम्मद शिराज (16) पुत्र मोहम्मद दीन निवासी गलुती मंजाकोट और रुखसाना कौसर (12) पुत्री मोहम्मद इसहाक निवासी कोटधडा राजोरी के रूप में हुई है। जबकि, नौ अन्य घायलों का उपचार जीएमसी में जारी है। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के अनुसार जीएमसी में भर्ती घायलों में मोहम्मद दीन पुत्र मीर मोहम्मद, मोहम्मद दीन पुत्र नूर दीन, हमिदा बेगम, नाजिरा बेगम, आफताब हुसैन, शबीना अख्तर, मोहम्मद अयूब, मोहम्मद मोईन, आमिर अहमद और दानिश खान शामिल हैं। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृत किशोर एवं किशोरी का पोस्टमार्टम करने व औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिए गए हैं। बस चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी धर पकड़ के लिए अभियान जारी है।
तेज रफ्तार बस सड़क पर पलटी के फोटो- फोटो : RAJOURI
तेज रफ्तार बस सड़क पर पलटी के फोटो- फोटो : RAJOURI
तेज रफ्तार बस सड़क पर पलटी के फोटो- फोटो : RAJOURI
तेज रफ्तार बस सड़क पर पलटी के फोटो- फोटो : RAJOURI
तेज रफ्तार बस सड़क पर पलटी के फोटो- फोटो : RAJOURI