राजोरी। जिले की मंजाकोट तहसील के गांव बहरोट में एक लोड कैरियर टाटा मोबाइल वाहन संतुलन बिगड़ने से 50 फुट गहरी खाई में जा गिरा। शुक्रवार को हुई इस घटना में वाहन में सवार सभी 13 यात्री घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गंभीर मुगला संगीयौट गांव से एक टाटा मोबाइल वाहन (जेके11 डी 9303) में सवार होकर 13 यात्री थन्नामंडी तहसील के शाहदरा शरीफ स्थित बाबा गुलाम शाह बादशाह की जियारत पर माथा टेकने जा रहे थे। तभी रास्ते में वाहन चालक के काबू से बाहर हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। इस वाहन में सवार सभी 13 यात्री घायल हो गए। ये सभी यात्री एक दूसरे के रिश्तेदार हैं।
पुलिस ने बताया कि घायल सादिया लियाकत, सायरा अंजुम, अरमान खान, शमीमा अख्तर, मुश्ताक अहमद, नसरीना अख्तर, जैनब बी, रहमतुल्लाह खान, आसिया कौसर, अरबाज खान, जरीना अख्तर, मोहम्मद अहसान और अमानुल्लाह खान सभी निवासी गंभीर मुगला संगीयौट को स्थानीय लोगों ने थन्नामंडी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार देकर सभी को जीएमसी राजोरी में शिफ्ट कर दिया गया।
जीएमसी राजोेरी में उपचार कर रहे डॉक्टर ने बताया कि घायलों में दो महिलाओं नसरीना अख्तर और जैनब बी की हालत नाजुक बनी हुई है। जबकि, अन्य सभी की हालत में सुधार है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है, और आगे की कार्रवाई जारी है।
ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर उठे सवाल
लोड कैरियर टाटा मोबाइल वाहन पर 13 लोग सवार होकर मंजाकोट से करीब 30 किलोमीटर यात्रा कर बहरोट गांव तक पहुंच गए, लेकिन रास्ते में ट्रैफिक पुलिस ने कहीं भी उन्हें नहीं रोका। स्थानीय लोगों ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि ट्रैफिक पुलिस यदि रास्ते में वाहन को रोक लेती और सामान ढोने वाले वाहन में 13 लोगों को यात्रा करने की अनुमति नहीं देती तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता।