राजोरी। पुंछ और राजोरी जिले में बिजली की सप्लाई बाधित होने का सबसे ज्यादा नुकसान भारत संचार निगम लिमिटेड को भुगतना पड़ रहा है। दोनों जिलों में निगम को हर रोज लाखों रुपए का डीजल इस्तेमाल करना पड़ रहा है। क्योंकि दोनों जिलों में भारी हिमपात और बारिश की वजह से बिजली का ढांचा प्रभावित हुआ था। पुंछ जिले में संचार सेवा इसकी वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है, जबकि राजोरी जिले के पहाड़ी इलाकों में भी सेवा पर असर पड़ा है।
राजोरी पुंछ रेंज के संचार अधिकारी आरडी परमार ने बताया कि पुंछ में हर रोज करीब एक लाख रुपए का डीजल इस्तेमाल करना पड़ रहा है। क्योंकि जिले में बीएसएनएल का सारा सिस्टम जनरेटर पर निर्भर हो गया है। हिमपात और बारिश की वजह से बिजली की सप्लाई अब भी बंद है। अगर आ भी रही है तो बहुत ही कम समय के लिए।
ऐसे में जनरेटरों से ही पूरा सिस्टम चलाना पड़ रहा है। परमार का कहना है कि बिजली विभाग से कहा है कि अपने ढांचे को जल्द दुरुस्त करें। अगर ऐसा नहीं होता तो सप्लाई पर असर पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि निगम के पास इतना फंड नहीं है कि लाखों रुपए का डीजल हर रोज इस्तेमाल किया जा सके। वहीं यह समस्या राजोरी जिले के थन्नामंडी, दरहाल और कंडी में भी है। इन क्षेत्रों में भी बिजली की सप्लाई बंद है, जिसकी वजह से सारा सिस्टम जनरेटर पर निर्भर हो गया है। उल्लेखनीय है कि बिजली की वजह से पुंछ जिले में लैंडलाइन, मोबाइल और इंटरनेट सेवा काफी प्रभावित हो रही है। निगम ने विभाग से मांग करते हुए बिजली सप्लाई को दुरुस्त करने की मंांग की है।