राजोरी (ब्यूरो)। पहले ईद पर और अब दीवाली पर भी राशन नहीं मिलने से लोगों में जबरदस्त रोष है। शनिवार को पंजा चौक स्थित राशन डिपो पर लोग राशन के लिए पहुंचे, लेकिन राशन नहीं मिलने पर गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान बजरंग दल के जिला प्रधान करण ठाकुर ने कहा कि राशन के आवाम में त्योहार की खुशियां फीकी पड़ जाती हैं। समाजसेवी रंजीत तारा ने कहा कि किसी भी महीने पर्याप्त मात्रा में राशन नहीं मिलता। केरोसिन तो कभी मिलता ही नहीं। आमतौर पर तो राशन का यहीं सिलसिला रहता है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों पर भी विभाग का रवैया नहीं बदलता है। वहीं शाम लाल ने कहा कि महंगाई के दौर में गरीब इंसान के लिए त्योहारों का होना नहीं होना कोई मायने नहीं रहता। अगर थोड़ा सस्ता राशन मिल जाए तो बाहर से खरीदने की जगह अपने घरों में ही पकवान बना लें, लेकिन राशन ही नहीं मिल रहा।
प्रदर्शनकारियों ने विभाग को चेतावनी दी कि यदि एक दिन में उन्हें राशन नहीं मिला तो सीएपीडी मंत्री का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया जाएगा।