शहर के दो विभिन्न क्षेत्रों में शार्ट सर्किट से लगी आग में जहां एक तरफ एक किसान की 13 बकरियों की जल कर मौत हो गई, वहीं दूसरी तरफ एक किसान की हजारों रुपये की घास जल कर राख हो गई।
शहर के चल्लास क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे स्थानीय निवासी मकबूल हुसैन की पशुशाला में शार्ट सर्किट से आग लग गई। पशुशाला में सूखी घास पड़े होने के कारण कुछ ही पलों में आग ने भयानक रूप ले लिया। जब तक लोग वहां पहुंच कर आग पर काबू पाने का प्रयास करते पशुशाला में मौजूद 13 बकरियों की जल कर मौत हो गई।
पीड़ित किसान ने बताया कि उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उसने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उधर, शहर के जवाहर नगर में भी शार्ट सर्किट से लगी आग में स्थानीय निवासी मोहम्मद शब्बीर की हजारों रुपये का घास जल कर राख हो गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद करीब दो बजे अचानक बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई।