पुंछ जिले के मेंढर में सेना की तरफ से पर्यावरण दिवस पर पोधारोपन में भाग लेते सैन्य अधिकारी
- फोटो : POONCH
पुंछ। मेंढर गनर्स ने शनिवार को क्षेत्र में वनों को बढ़ावा देने और समाज के सभी लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का काम किया। उन्होंने ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन के तत्वावधान में एलओसी के पास मेंढर, मनकोट, बसुनी और ऊपरी डरना के क्षेत्रों में वृक्षारोपण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें एसडीपीओ मेंढर जाहिर हुसैन जाफरी, गांवों के सरपंच, स्कूल स्टाफ, बच्चे और अन्य स्थानीय लोग शामिल हुए। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में गो ग्रीन, सेव वर्ल्ड का संदेश फैलाना था।
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर मेंढर और आसपास के क्षेत्रों के जिम्मेदार नागरिकों ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम के तहत एओआर में 215 पेड़ लगाए गए। इस अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बागवानी विभाग की तरफ से भी पौधा रोपण अभियान चलाया गया। इसका शुभारंभ एसडीएम साहिल जंडियाल ने एक फलदार पौधा लगा कर किया। एसडीएम ने लोगों से कहा कि वह अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाएं, ताकि स्वच्छ वातावरण और आक्सीजन लोगों को स्वस्थ रखने में सहायक बन सके।