पुंछ। जिले में बर्फबारी ने कई वर्ष के रिकार्ड तोड़कर रख दिए हैं। इसके चलते शनिवार को पहाड़ों के साथ ही निचले क्षेत्रों में भी दिन भर रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। इस दौरान पुंछ शहर में करीब एक दशक के बाद हल्की बर्फबारी होने से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
हालांकि बर्फबारी के साथ ही बारिश होने से बर्फ ज्यादा देर तक टिकी नहीं पाई। इस बीच मंडी तहसील मुख्यालय स्थित भगवान भोलेनाथ के प्राचीन धाम श्री बुड्ढा अमरनाथ में इस बार मौसम की पहली बर्फबारी जमकर हुई। इससे मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ जाने से श्री बुड्ढा अमरनाथ मंदिर का दृश्य बड़ा ही मनमोहक हो गया। मंडी कस्बे में छह से आठ इंच तक बर्फ रिकार्ड की गई। वहीं श्री बुड्ढा अमरनाथ मंदिर समिति की तरफ से जिले के साथ ही बाहरी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं का आह्वान किया कि वह बर्फबारी का आनंद उठाने के साथ ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन का लाभ उठाने के लिए श्री बुड्ढा अमरनाथ पधारें। जहां पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं ठहरने सहित हर प्रकार की सुविधा की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि जिले भर में शुक्रवार से ही निचले क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी होने लगी थी। इस बीच शनिवार सुबह से ही हर तरफ तापमान शून्य से नीचे चला गया। इसके चलते सुबह दस बजे से पुंछ शहर सहित सभी निचले क्षेत्रों में भी बर्फबारी होने लगी। जो रुक-रुक कर जारी रही। नगर में एक दशक बाद बर्फबारी होते देख जो लोग घरों से बाहर थे। उन्होंने घरों के अंदर मौजूद लोगों को फोन पर बर्फबारी की जानकारी दी। इस पर बड़ी संख्या में लोग घरों के बाहर अथवा छतों पर बर्फबारी का नजारा देखने के लिए पहुंच गए।
मेंढर के निचले इलाकों में बर्फबारी से लोगों में खुशी
मेंढर। उपजिले और आसपास के इलाकों में हो रही वर्षा और बर्फबारी से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया। उधर इस बारिश और बर्फबारी को लेकर लोग काफी खुश भी हुए। क्योंकि कई साल बाद मेंढर के निचले इलाकों में बर्फबारी हुई है। लोग इसका आनंद लेने घरों से निकल कर दूर दूर तक गए।
क्षेत्र के मेंढर, अड़ी, बिंभर गली, जड़ा वाली गली, बालाकोट, बासूनी, धारणा, गोहलाद टोपा, भेरा में बर्फबारी हुई। इसको लेकर युवा विष्णु, अंकित, पारस, रजत, साहिल, सुगम और विजय कुमार का कहना था कि बहुत समय बाद निचले इलाकों में बर्फबारी हुई है। इसीलिए हम घर से बाहर निकले हैं। हमें बहुत खुशी है। उधर किसान वर्ग इस बारिश और बर्फबारी से खुश हैं। इस वर्षा से मेंढर-पुंछ, मेंढर-सुरंकोट और मेंढर-जम्मू सड़क मार्ग बंद हो गए और बिजली आपूर्ति शुक्रवार रात से ठप है। संवाद