पुंछ। जिले में शुक्रवार को दूसरे दिन भी दोपहर बाद निचले क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी होने लगी। इससे तापमान में भरी गिरावट आने से क्षेत्र में ठंड का प्रकोप शुरू हो गया। बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्र में फिसलन होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
इस दौरान कई वाहन फिसल कर सड़क में आड़े तिरछे हो गए। वाहनों को अन्य वाहनों में सवार लोगों ने धक्के लगा कर सीधे करते हुए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल करने का प्रयास किया। जबकि कुछ क्षेत्रों में अधिक फिसलन होने से वाहन चालकों को यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतारना पड़ा। इसके कारण लोग पैदल चल कर ही गंतव्यों तक पहुंचे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे जिले में मौसम खराब हो गया। कुछ ही पलों के बाद पुंछ नगर सहित जिले के निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने लगी जोकि करीब दो घंटों तक जारी रही। इस बीच ऊंचाई वाले पीरपंजाल के पहाड़ों के साथ ही कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बींबर गली, देहरागली, सुलतान पत्थरी आदि के साथ ही मुगलरोड पर पोशाना से पीर की गली तक बर्फबारी होने लगी। इससे जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां तापमान शून्य से नीचे चला गया, जबकि कम ऊंचाई एवं निचले क्षेत्रों में भी तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। लोगों को ठंड से बचाने के लिए आग का सहारा लेना पड़ा।