पुंछ। मेंढर में धोखाधड़ी कर एटीएम से पैसे निकालने के मामले में पुलिस ने 24 घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से एटीएम से निकाले गए 40 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। इसकी पहचान जावेद अहमद (23) पुत्र मुश्ताक अहमद निवासी गांव कस्सबलाड़ी (मेंढर) के रूप में हुई है। युवक के खिलाफ मेंढर थाने में मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम को मेंढर थाने में एक महिला ने शिकायत दी कि किसी ने धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए हैं। एसडीपीओ जाहिर अब्बास जाफरी ने एसएचओ मंजूर कोहली और एसआई रोहित की अगुवाई में टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने वीरवार दोपहर को आरोपी को धर दबोचा और उससे नकदी भी बरामद कर ली है, जिसे महिला को लौटा दिया है।