पुंछ जिले को कश्मीर से जोडने वाली मुगलरोड तीसरे दिन भी यातायात के लिए बद रहने के दोरान काम पर लगी म
- फोटो : POONCH
पुंछ। मुगलरोड बर्फबारी के चलते मंगलवार को तीसरे दिन भी यातायात के लिए बंद रही। इस दौरान मुगलरोड सहित पूरे पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर नजर आती रही। हालांकि जिले की तरफ से पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई की तरफ से बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया गया है। कश्मीर की तरफ से मुगलरोड से बर्फ न हटाए जाने के कारण यातायात बहाल न हो पाया।
इसके कारण पुंछ-राजोरी जिलों के लोगों के साथ ही व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि मुगलरोड बंद होने से जिले में सेब, सब्जियों और कांगड़ियों की आपूर्ति ठप होकर रह गई है। इससे व्यापारियों का काम बुरी तरह प्रभावित होकर रह गया है। व्यापारियों ने प्रशासन से मुगलरोड को यातायात के लिए जल्दी से खोलने की मांग की है।
गौरतलब है कि रविवार को सुबह जम्मू-कश्मीर के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्र के साथ ही पुंछ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी होने लगी थी, जोकि सोमवार सुबह तक जारी रही। इसके चलते मुगलरोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। दूसरे दिन भी मौसम साफ होने के चलते कल की ही तरह पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई की तरफ से स्नोप्लो और जेसीबी की सहायता से बफलियाज की तरफ से मुगलरोड से कल रात को गिरे कोहरे और जमी बर्फ को हटाने का अभियान चलाया और दोपहर बाद एक बार फिर मशीनें सड़क साफ करते हुए पीर की गली तक पहुंचा दी गई। इसके चलते सड़क वाहनों के चलने योेग्य बना दी गई है।
उधर मुगलरोड को यातायात के लिए खोलने के बारे में डीएसपी यातायात राजोरी-पुंछ आफताब हुसैन शाह से बताया कि हमारी तरफ से मुगलरोड से बर्फ हटाने का काम पूरा कर उसे गाड़ियों के चलने योग्य बना दिया गया है। कश्मीर की तरफ से अभी बर्फ हटाने का काम नहीं हुआ है, जिसके कारण अभी मार्ग पर यातायात बहाल करने के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।