सेना की पुंछ ब्रिगेड ने स्कूली विद्यार्थियों की गायन प्रतियोगिता का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। सेना की पुंछ ब्रिगेड की तरफ से 22 नवंवर को मनाए जाने वाले पुंछ लिंकअप दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को पुंछ के बच्चों में छिपी गायन प्रतिभा को सामने लाने के प्रयास में विद्यार्थियों के लिए सामूहिक गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें 15 से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जाने माने टीवी, रेडियो एवं स्टेज कलाकार प्रदीप खन्ना, खुर्शीद राथर और ऑल इंडिया रेडियो पुंछ की उद्घोषक कैलाश शर्मा जज रहीं। इस प्रतियोगिता में अधिकतर स्कूलों के विद्यार्थियों ने सामूहिक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। गायन प्रतियोगिता में पुंछ नगर के निजी शिक्षा संस्थान साई स्कूल ऑफ एजुकेशन के बच्चों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निजी शिक्षा संस्थान क्राइस्ट स्कूल ने दूसरा स्थान पाया। इस अवसर पर प्रदीप खन्ना ने सेना का धन्यवाद किया। कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से बच्चों की छिपी प्रतिभा को उभरने का अवसर मिलता है। जिस प्रकार आज बच्चों ने अपने मधुर स्वरों का प्रदर्शन किया है, लगता है कि टीवी पर आयोजित होने वाले किसी भी ऐसे कार्यक्रम में अगर इन बच्चों को गाने का मौका मिले तो वह सबसे अव्वल रहेंगे। खन्ना ने बताया कि प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहने वाले स्कूल के बच्चों को 22 नवंबर को होने वाले पुंछ लिंकअप दिवस के फाइनल कार्यक्रम में अपनी गायन कला का प्रदर्शन करने का भी अवसर मिलेगा।