मोटे अनाज का महत्व, सेवन एवं उत्पादन पर सेमिनार लगाया
पुंछ। जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान की ओर से सोमवार को मोटे अनाज का महत्व, सेवन एवं उत्पादन पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस सेमिनार की अध्यक्षता लेक्चरर तारिक चुगताई और संस्थान की प्रिंसिपल अंजली गुप्ता ने की, जबकि सहायक शिक्षा निदेशक मोहम्मद अशरफ मुख्य अतिथि रहे।
सेमिनार में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने मोटे अनाज की श्रेणी, उनकी पहचान के साथ ही मोटे अनाज के सेवन से होने वाले शारीरिक और स्वास्थ्य लाभ पर अपने अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि ने कहा कि आज से 20-30 साल पहले मोटे अनाज हमारे भोजन का अहम हिस्सा हुआ करते थे। मगर हमने न सिर्फ इनका सेवन छोड़ दिया, बल्कि इनका उत्पादन भी छोड़ दिया। आज वैज्ञानिक भी मानते हैं कि मोटे अनाज को प्रयोग करने वाले लोगों को कई तरह के गंभीर रोग नहीं होते हैं। इस अवसर पर प्रिंसिपल अंजली गुप्ता ने बताया कि इस सेमिनार में भाग लेने वाले बच्चों में से प्रथम आने वाले बच्चे को जम्मू में प्रांत स्तरीय सेमिनार में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा। संवाद