पुंछ। मेंढर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे गांव सदवाला के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपराज्यपाल प्रशासन से सुईयां सदवाला सड़क का निर्माण पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक दशक से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी गांव सुईयां से सदवाला तक की सड़क का निर्माण पूरा नहीं किया गया है।
गांव निवासियों फारूक अहमद, मोहम्मद शब्बीर, सैद मोहम्मद आदि ने कहा कि हम लोगों के प्रदर्शन और बार-बार मांग करने पर सड़क पर पड़ने वाले सुईयां नाले पर पक्के पुल का निर्माण तो करा दिया गया है, लेकिन आगे की सड़क की तीन बार कटाई कराए जाने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके कारण क्षेत्र में होने वाली पाकिस्तानी गोलाबारी के दौरान गांव में घायल होने वाले ग्रामीणों को चारपाई अथवा कंधों पर लाद कर कई किलोमीटर दूर तक पहुंचाना पड़ता है। इस दौरान कई लोगों के प्राण चले जाते हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव तक की सड़क का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी को दिया गया था, जिसने केवल कटाई का काम किया है। इस सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में रख कर इसके लिए पैसा जारी किया जाए, ताकि जल्दी से सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो सके।