पुंछ। मुगलरोड पर पोशाना से छत्तापानी के बीच रविवार को कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिसे खोलने में पुलिस, यातायात पुलिस और सेना के जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके चलते करीब चार घंटे बाद जाम खोला जा सका। जाम में वीकेंड लॉकडाउन समाप्त होने के बाद पहले रविवार को मुगलरोड पर पीर की गली में पिकनिक मनाने एवं मस्ती करने के लिए गए सैकड़ों लोग भी घंटों जाम में फंस कर परेशान होते रहे।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद मुगलरोड पर कश्मीर की तरफ से सैकड़ों की संख्या में छोटे वाहन पुंछ की तरफ आने लगे। इस बीच पुंछ एवं राजोरी से भी सैकड़ों छोटे वाहन कश्मीर की तरफ जाने के लिए पहुंचे। इसके चलते पोशान क्षेत्र में सुरक्षा जांच चौकी के आगे दोनों तरफ से वाहनों के एक साथ सड़क पर आ जाने और कुछ स्थानों पर सड़क किनारे पहाड़ों गिरे मलबे के कारण तंग हो गई। सड़क की वजह से जाम की स्थिति बन गई। इसके चलते मुगलरोड पर कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई।