पुंछ में सडक जाम कर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : POONCH
पुंछ। निकटवर्ती गांव खड़ी में शनिवार को शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में तीन दिन पहले बेहोश मिले एक युवक सफदर हुसैन की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों और रिश्तेदारों ने शव के साथ थाने के निकटवर्ती पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंकर नगर चौराहे को जाम कर युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी पुलिस से हत्या का मामला दर्ज कर उन लोगों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। जिनके घर के पास से युवक बेहोशी की हालत में मिला। इस बीच लोगों के प्रदर्शन किए जाने से नगर सिर्फ पुंछ-जम्मू मार्ग पर बल्कि नगर के अन्य मार्गों पर जाम लग गया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस बीच करीब आधे घंटे के बाद सड़क जाम किए जाने की जानकारी मिलने पर एसएचओ एसडी सिंह और डीएसपी हेडक्वार्टर नवाज अहमद पुलिस दल के साथ पहुंचे। कडे़ प्रयास से प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर युवक की मौत की जांच कराने का आश्वासन देते हुए एक घंटे बाद करीब चार बजे प्रदर्शन समाप्त कराया। इसके बाद जाम में फंसे वाहनों को निकाले जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।
------
तीन दिन पहले पुलिस को गांव खड़ी में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे जीएमसी राजोरी भेज दिया गया। जहां उसकी मौत होने के बाद उसके परिजन एवं रिश्तेदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हमने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जबकि मृतक के परिजनों का आरोप था कि उनके बेटे की पिटाई करने के बाद उसे जहर दिया गया है। पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों की बात कर रही है।
-नवाज अहमद, डीएसपी हेडक्वार्टर, पुंछ