पुंछ। लोगों के सहयोग और लॉकडाउन से जिले में कोरोना से बिगड़े हालात में बड़ा सुधार आया है। जिले में कोरोना संक्रमण की दर पांच प्रतिशत से घट कर दो प्रतिशत से भी नीचे आ गई है। जबकि, जिले में पिछले सात दिनाें में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों में भी काफी कमी आई है। अब जिले में 1098 लोग ही संक्रमित हैं।
जिला विकास आयुक्त इंद्र जीत ने बताया है कि जिले में 45 वर्ष से अधिक आयु के 70 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बुधवार को अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इस कोरोना महामारी को रोकने और लॉकडाउन को सफल बनाने में जिस प्रकार प्रशासन को पंचायत प्रतिनिधियों, डीडीसी सदस्यों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का सहयोग मिला है, उससे आज जिला बेहतर हालत में पहुंच गया है। ऐसे में केन्द्र शासित प्रशासन की ही तरह जिले में भी अनलॉक के बारे में विचार किया जा रहा है। लॉकडाउन के कारण जिले में बहुत सीमित दुकानें खुल पा रही हैं। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ है। अब जैसे जैसे हालत और बेहतर होते जा रहे हैं, जल्द ही जिले में सख्ती कम कर व्यापारिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।