पुंछ। नियंत्रण रेखा पर कृष्णा घाटी सेक्टर स्थित पांडव कालीन लोहड़ देवता मंदिर में बुधवार को बुद्ध पूर्णिमा के उपलक्ष्य में यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें कोरोना के चलते सीमित संख्या में श्रद्धालुओं और सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने यज्ञ में आहुतियां अर्पित करते हुए कोरोना के नाश की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि कृष्णा घाटी स्थित प्राचीन लोहड़ देवता मंदिर में हर वर्ष बुद्ध पूर्णिमा को बहुत बड़े यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसमें पुंछ-राजोरी जिलों के साथ ही दूसरे राज्यों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होेते हैं। इस बार कोरोना के चलते मंदिर में बड़ा आयोजन नहीं किया गया। मंदिर समिति के प्रधान राजिंदर सिंह और पंडित नीरज शर्मा की देखरेख में यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें सेना की 10 ब्रिगेड के कमांडर और उनके अधीनस्थ सेना की यूनिटों के कमांडिंग अधिकारियों, 93 ब्रिगेड के कमांडर और सीमा सुरक्षा बल के कमांडिंग अधिकारियों ने भाग लिया।