आरएस पुरा। सुचेतगढ़ में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ऑक्ट्रॉय पोस्ट पर शनिवार को रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया गया, लेकिन कम संख्या में पर्यटक पहुंचे। पहले पर्यटकों को जीरो लाइन तक जाने दिया जाता था, लेकिन दो दिन से वहां जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।
दिल्ली से पहुंचे रूपेश कुमार ने कहा कि वह परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आए है। शाम को रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने पहलगाम में आतंकी घटना को दुखद बताते कहा कि देश के जवानों पर उन्हें भरोसा है। इसी कारण वह बॉर्डर देखने आए हैं। प्रवीण कुमार ने कहा कि यहां के लोगों ने बताया कि यहां पर काफी संख्या में लोग रिट्रीट सेरेमनी देखने आते हैं,लेकिन शनिवार को संख्या कम थी।
सुचेतगढ़ में ठेले लगा रहे दीपक ने कहा कि पहलगाम में आतंकी घटना के बाद बॉर्डर देखने के लिए पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। तांगे पर बॉर्डर दिखाने वाले चालक रतन लाल का कहना है कि पर्यटकों की संख्या जरूर कम हुई है पर यहां आने वाले लोगो में आज भी वही जोश है। शनिवार को कम संख्या में पर्यटक पहुंचे थे पर अगर रिट्रीट सेरेमनी जारी रही तो बढ़ोतरी हो सकती है।