जान हथेली पर लेकर नदी पार कर मरीज को दवा देती सुरिंदर।
- फोटो : rajori news
राजोरी। जिले के नारियां पंचायत की आशा कार्यकर्ता सुरिंदर कौर समर्पण और प्रतिबद्धता की मिसाल बनकर उभरी हैं। सुरिंदर कौर पिछले दो महीनों से अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत नारियां पंचायत के एक दूरदराज के गांव में रहने वाले टीबी रोग के मरीज हुसैन को आवश्यक दवाइयां पहुंचाने के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रही हैं। बरसात के मौसम में नदी उफान पर चल रही है।
स्थानीय समुदाय ने सुरिंदर की अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की है और उनके कार्यों को इस क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायक बताया। उनका समर्पण सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा वितरण में उनके योगदान की याद दिलाता है।
सुरिंदर कौर की यह प्रेरक कहानी उस साहस, संकल्प और मानवता को दर्शाती है जो भारत के ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की रीढ़ है। वहीं सीएमओ राजोरी डॉ. एमएल राणा ने भी उनके साहस और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि सुरिंदर को उनकी प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया जायेगा।