सुंदरबनी। बूढ़ा अमरनाथ यात्रा को लेकर रविवार को सुंदरबनी के सरकारी डाक बंगले में एक विशेष बैठक का आयोजन विश्व हिंदू परिषद ने किया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सुंदरबनी कालाकोट से विधायक ठाकुर रणधीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर यात्रा की तैयारी को अंतिम रूप देने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा तथा विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के नेता अमित शर्मा ने विधायक ठाकुर रणधीर सिंह से अनुग्रह किया कि वह शासन, प्रशासन से यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जरूरी दिशा निर्देश जारी करें। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुंदरबनी शहर एवं जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम की स्थिति को भी सुधारने के लिए अतिरिक्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात किए जाएं।
इसके साथ-साथ स्वच्छता खान-पान तथा अन्य विषयों पर भी कार्यकर्ताओं ने चर्चा की। बैठक में यात्रियों के रहने की व्यवस्था कहां कैसे की जाएगी, योजना को अंतिम रूप दिया गया।