पुंछ। जिले में चल रहे नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत सोमवार को जिला पुलिस पुंछ ने जागृति यूथ क्लब मंगनाड़ के सहयोग से नियंत्रण रेखा पर स्थित मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल जलास में एक नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें स्कूल के छात्र छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसीपल हरपाल सिंह ने की जबकि एएसपी पुंछ डॉ. अजय शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने नशीली दवाओं के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों, नशीले पदार्थों से उत्पन्न हो रही बढ़ती चुनौतियों पर प्रकाश डाला। इस खतरे से निपटने में समाज, शैक्षणिक संस्थानों, माता-पिता और युवाओं की सामूहिक ज़िम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों से अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखने, एक स्वस्थ जीवन शैली बनाए रखने और खेलों व पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया। वहीं उन्होंने वॉलीबॉल और फुटबॉल किट सहित खेल किट वितरित की।