पुंछ। जिले की सुरनकोट तहसील के लठूंग क्षेत्र में रविवार को दूसरे दिन भी सुरक्षा बलों की तरफ से तलाशी अभियान जारी रखा गया। इस दौरान दिन भर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों, एसओजी, पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने क्षेत्र के जंगलाें एवं नदी नालों और पहाड़ों को खंगाला।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर को पुलिस को सुरनकोट के लठूंग क्षेत्र में संदिग्ध हरकत देखे जाने की सूचना मिली थी। इसके उपरांत एएसपी पुंछ मोहन लाल शर्मा की अगुवाई में सुरक्षाबलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, जो अंधेरा होने तक जारी रहा। इसके बाद रविवार सुबह उजाला होने के साथ ही फिर से तलाशी अभियान को शुरू किया गया, जो दिन भर जारी रहा। उधर सूत्रों के मुताबिक यह तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा।