पुंछ। जिले की मंडी तहसील के लोरन ब्लाक के दूर दराज के क्षेत्र सिब में रीछ के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के उपरांत सोरा अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान 46 वर्षीय गुलाम मोहम्मद पुत्र सुबाना निवासी गांव सिब लोरन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गुलाम मोहम्मद सिब क्षेत्र स्थित डोक डारांवाली में भेड़ बकरियों के साथ था। इस दौरान रीछ ने हमला कर दिया और चेहरा, नाक और आंखे बुरी तरह नोच डाली। हमले का पता चलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पत्थरों एंव लाठियों से रीछ को भगाया और घायल को कंधों पर उठाकर छह किलाेमीटर दूर सड़क तक लाए। जहां से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लोरन लाया गया। यहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पुंछ पहुंचाया गया। जहां उसे प्राथमिक उपचार के उपरांत परिजनों के आग्रह से श्रीनगर के सोरा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित के परिजनों ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से डारांवाली सिब में तीन रीछ घूमते हुए देखे जा रहे थे। इसके बारे में वाईल्ड लाईफ को जानकारी दी गई थी परंतु उन्होंने कुछ नहीं किया।