पुंछ जिले के मनकोट तहसील में जल वितरण योजना का उद्घाटन करते मंत्री जावेद अहमद राणा
पुंछ। जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने वीरवार को पुंछ के मनकोट ब्लॉक में बरूई चौकी और शेखन बरजा में दो जल आपूर्ति योजनाओं का उद्घाटन किया। जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत इन्हें 3.85 करोड़ और 2.82 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है।
इन योजनाओं का उद्घाटन मनकोट में आयोजित एक मेगा सार्वजनिक आउटरीच शिविर के दौरान किया गया। शिविर के दौरान कई प्रतिनिधिमंडलों और व्यक्तियों ने अपनी शिकायतों के साथ मंत्री से मुलाकात की और शीघ्र निवारण की मांग की। पुंछ के उपायुक्त विकास कुंडल, जिले के विभिन्न विभागों के एचओडी आउटरीच शिविर के दौरान उपस्थित थे।
जावेद राणा ने कहा कि जल सुरक्षा सरकार के प्रमुख उद्देश्यों में से एक है। मंत्री ने कहा, हम यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं कि हर घर तक पर्याप्त गुणवत्ता वाला पेयजल पहुंचे और पूरे जम्मू-कश्मीर में पानी की बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने पर महत्वपूर्ण ध्यान दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के उद्घाटन के साथ, इलाके की पानी की अधिकांश समस्याएं हल हो जाएंगी। बरूई चौकी योजना 2,948 लोगों को लाभान्वित करेगी, जिसमें 140 नए कनेक्शन दिए जाएंगे। शेखान बरजा योजना 3,991 लोगों को फायदा देगी। 611 घरों तक पानी पहुंचेगा।