पुंछ। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में 631 स्वीकृत मामलों में 418 आवास पूर्ण हुए हैं। इस बात की जानकारी वीरवार को जिला विकास उपायुक्त पुंछ विकास कुंडल को समीक्षा बैठक में दी गई। उन्होंने जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी योजना के कार्यान्वयन की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि जिला पुंछ में 631 पीएमएवाई-शहरी मामले स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 418 आवासों का निमार्ण पूरा हो चुका है, जबकि शेष निर्माण चरण में है। बैठक में सत्यापित लाभार्थियों को किश्तों के जारी होने और योजना के तहत अब तक किए गए व्यय के बारे में भी जानकारी दी गई।
विकास कुंडल ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए ताकि जिले में सभी वास्तविक पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत कवर किया जा सके। उन्होंने कार्यकारी अधिकारी को सभी घरों का निर्माण निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया और प्रतिदिन 15 लाभार्थियों के मामलों का व्यक्तिगत रूप से सत्यापन करने को कहा।
इस बैठक के बाद जिला विकास उपायुक्त ने पुंछ नगर के वार्ड नंबर 11 का दौरा किया। जहां उन्होंने विवेक कुमार नामक व्यक्ति से मुलाकात की जिसने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ उठाकर अपना घर बनाया है। इसके अतिरिक्त जिला विकास उपायुक्त ने अन्य लाभार्थयों से भी मुलाकात कर उन्हे बधाई दी। जिस पर लाभार्थियों ने इस तरह की पहल के लिए सरकार के प्रति अपना हार्दिक आभार भी व्यक्त किया।