पुंछ। जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित बालाकोट सेक्टर में घुसपैठ करते मारे गए आतंकियों के शव शुक्रवार को दूसरे दिन भी नहीं उठाए जा सके। भारतीय सेना ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए तलाशी अभियान जारी रखा।
पुंछ जिले के उप जिला मेंढर में नियंत्रण रेखा पर स्थित बालाकोट सेक्टर के अग्रिम क्षेत्र तरकुंडी में वीरवार को सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए तीन आतंकियों को मार गिराया था। इनके शव दो दिन से जीरो लाइन पर पड़े हुए हैं। पाकिस्तानी चौकियां सामने होने के कारण और पिछले कुछ दिनों से लगातार पड़ोसी मुल्क की तरफ से क्षेत्र में गोलीबारी किए जाने के मद्देजनर भारतीय सेना शवों को उठाने का प्रयास नहीं कर रही। सुरक्षाबल क्षेत्र में चौकसी बरतने के साथ ही आतंकियों के शवों पर नजर बनाएं हुए हैं ताकि उनके साथी या पाकिस्तानी सेना इन्हें न उठा पाए।