पुंछ। नगर के मोहल्ला पावर हाउस स्थित एक निजी स्कूल की तरफ से वीरवार को नशा विरोधी जागरूकता रैली एवं कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले नुकसान पर विचार रखते हुए लोगों को इससे दूर रहने का आह्वान किया।
सर्वप्रथम स्कूल से जागरूकता रैली निकली गई। इसमें भाग लेने वाले विद्यार्थी नशा विरोधी नारे लिखे हुए पोस्टर एवं बैनर लिए हुए थे। स्कूल से शुरू हुई रैली नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई किला परिसर में पहुंच कर संपन्न हुई। यहां नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि पुंछ-हवेली के विधायक एजाज अहमद जान और डीडीसी अध्यक्ष ताजीम अख्तर ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा कि नशा देश व समाज के लिए बड़ा खतरा है। इसके खिलाफ मिलकर लड़ना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रिंसिपल मंजू शर्मा ने की।