पुंछ। ब्लॉक दिवस पर जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) पुंछ राहुल यादव ने सुरनकोट में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत निपटारे के निर्देश दिए। जनता दरबार में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। क्षेत्र के लोगों ने बिजली-पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने, सड़कों की मरमत करवाने, नई सड़कों का निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने और अवैध पार्किंग की समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग की।
जिला विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों की समस्याएं जल्द दूर करने और सड़क निर्माण में आने वाली भूमि के अधिग्रहण के लिए कागजी कार्रवाई जल्द पूरी करने को कहा। साथ ही एसएचओ सुरनकोट को सड़कों किनारे खड़े होने वाले वाहनों और बाजार में लगने वाले जाम से निपटने के लिए भी निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सुरनकोट मोहम्मद सलीम कुरैशी, सीईओ टूरिज्म मोहम्मद तनवीर, कार्यकारी इंजीनियर पीएचई राजेन्द्र शर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।