पुंछ। तहसील प्रशासन एवं नगरपालिका सुरनकोट ने माहे रमजान के चलते सोमवार को बाजारों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों पर रखे सामान की गुणवत्ता और मूल्य सूची की जांच करते हुए दुकानदारों को निर्देश दिए कि वह ग्राहकों से अधिक मूल्य वसूल करने से परहेज करें। हर वस्तु के साथ उसकी मूल्य सूची लगा कर रखें। अगर कोई दुकानदार इस सबका उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान कई दुकानों पर रखे गले सड़े फल एवं सब्जियां मौके पर ही नष्ट कीं। सुबह दस बजे सुरनकोट तहसील प्रशासन एवं नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी पुलिस अमले के साथ कस्बे के बस अड्डा एवं मुख्य बाजार पहुंचे और दुकानदारों द्वारा नालियों पर अतिक्रमण कर लगाए गए सामान, बाजारों में बीच सड़क पर लगाई गई फड़ियों के खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।