पुंछ। पुंछ ब्रिगेड के नए कमांडर राजेश कुमार ने सैन्य क्षेत्र में स्थित प्राचीन शिवधाम शिवखोड़ी मंदिर का रविवार को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना करने के साथ ही मंदिर समिति के सदस्यों से मुलाकात कर मंदिर में चल रही शिवरात्रि की तैयारियों को देखा। मंदिर समिति के सदस्यों से शिवरात्रि के लिए सभी प्रकार के सहयोग का भी आश्वासन दिया।
दोपहर को कुछ दिन पहले पुंछ ब्रिगेड में बतौर कमांडर का पदभार संभालने के बाद नए कमांडर राजेश कुमार शिवखोड़ी मंदिर पहुंचे। मंदिर समिति के प्रधान लोकेश आनंद की अगुवाई में सदस्यों ने नए कमांडर का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें मंदिर में ले जाकर भगवान शंकर की पूजा अर्चना कराई। कमांडर ने पूरे मंदिर क्षेत्र का अवलोकन किया और मंदिर में चल रही शिवरात्रि की तैयारियों का जायजा लिया। गौरतलब है कि पुंछ में शिवरात्रि का सबसे बड़ा आयोजन शिवखोड़ी मंदिर में किया जाता है। इसमें हजारों की संख्या में जिले भर के श्रद्धालु भाग लेते हैं।