पुंछ। कोरोना के नए रूप ओमिक्रॉन के मामले सामने आने के बाद जहां हर तरफ एक बार फिर संक्रमण की रोकथाम और संक्रमण के बढ़ने पर संक्रमितों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के दूर दराज एवं नियंत्रण रेखा पर स्थित जिले में भी अभी से कोरोना संक्रमण को लेकर कई प्रकार की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
इसके चलते जिले में संक्रमितों को उपचार प्रदान करने के लिए 140 रोगियों को एक साथ उपचार प्रदान के लिए चार कोविड केयर वार्ड स्थापित किए गए हैं। जिनमें राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में 20 बिस्तरों की क्षमता वाले चार वार्ड हैं। जबकि मंडी, सुरनकोट और मेंढर उपजिला अस्पताल में 20-20 बिस्तर के तीन कोविड केयर वार्ड स्थापित किए गए हैं। इनमें ऑक्सीजन के साथ-साथ कोरोना संक्रमितों को दी जाने वाली सभी प्रकार की दवाइयों के साथ ही कर्मचारियों को भी तैनात रखा गया है। इसके साथ ही राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में 20 बिस्तरों वाले आईसीयू वार्ड को भी स्थापित किया गया है। इसमें 20 वेंटिलेटर सुविधा संपन्न बिस्तर रखे गए हैं।
उप जिला अस्पताल मंडी, मेंढर और सुरनकोट में पांच-पांच वेंटिलेटर वाले बिस्तर उपल्बध हैं। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर गुलाम अहमद मलिक ने बताया कि जहां अभी हमारे पास जिले भर में 140 कोविड केयर बेड और 35 आईसीयू बेड उपलब्ध हैं। हम अभी कुछ और स्थानों पर भी कोविड केयर बिस्तरों की व्यवस्था करने की योजना बना रहे हैं।