पेयजल किल्लत का सामना कर रहे मेंढर सब डिवीजन की मनकोट तहसील के गांव छजला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को खाली बर्तनों के साथ मेंढर-पुंछ सड़क को जाम कर घंटों प्रदर्शन किया। इससे मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वाहनों में सवार यात्रियों और चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस बीच दोपहर बाद मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम मेंढर साहिल जंडियाल और एसडीपीओ मेंढर जेडए जाफरी ने मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों से बात कर उन्हें मार्ग खोलने का आग्रह किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई माह से लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
बार-बार पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग पर भी जलशक्ति विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में इस ठंड के मौसम में भी महिलाओं को कई किलोमीटर दूर पैदल चल कर जलाशयों से पानी लाना पड़ता है। परेशान होकर हमें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है। अब जब तक हमारे गांव में पानी की सप्लाई बहाल नहीं होती हम यहां से नहीं हटने वाले हैं।
एसडीएम ने लोगों को इस बात का आश्वासन दिया कि वह अगले दो दिनों में क्षेत्र में पानी सप्लाई बहाल करा देंगे और गांव के सरपंच एवं पंचों को साथ लेकर विभाग के अधिकारियों के साथ आमने-सामने बात करा कर मसले का स्थायी हल कराएंगे ताकि आगे लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़ा। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया।