नगर में आईएसआईएस के धमकी भरे पोस्टर चिपकाए जाने के एक दिन बाद चौक बाजार में मंगलवार को एक ग्राहक और दुकानदार के झगड़े ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। इससे दिन
भर तनाव बना रहा। समुदाय विशेष के लोगों ने देश विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। हालांकि तनाव को खत्म करने के लिए पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ हत्या के प्रयास का
मामला दर्ज कर दुकानदार पुत्र एवं पिता को सलाखों के पीछे डाल दिया। इसके बावजूद समुदाय विशेष के लोग परेड पार्क क्षेत्र में देर शाम साढ़े छह बजे तक प्रदर्शन करते हुए मुख्य बाजार
में जुलूस निकाल कर बाजार बंद करवाने की जिद पर अड़े रहे। इस दौरान परेड क्षेत्र में लगे बूढ़ा अमरनाथ यात्रा और भाजपा के पोस्टर तक फाड़ डाले। दूसरी तरफ मुख्य बाजार में बड़ी
संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग मोर्चा संभाले रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नगर के चौक बाजार स्थित एक घड़ी व मोबाइल की दुकान से दो
दिन पूर्व घड़ी लेकर गए समुदाय विशेष के एक धार्मिक शिक्षक और दुकानदार के बीच घड़ी में खराबी की बात को लेकर पहले कहा सुनी हुई। बाद में दोनों में मारपीट हो गई, जिसमें ग्राहक
के कपड़े फट गए। इस बीच अन्य दुकानदारों और राहगीरों ने बीचबचाव कर झगड़ा शांत करवाया। तभी सूचना पाकर पुंछ के थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दुकानदार को
पूछताछ के लिए पिता सहित थाने बुलाया। करीब आधे घंटे के बाद धार्मिक शिक्षक के साथ मारपीट को लेकर समुदाय विशेष के सैकड़ों लोग परेड पार्क के बाहर एकत्र हो गए और सड़क
जाम कर प्रदर्शन करने लगे।