सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मैनीपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर मंगलवार को दोपहर महिला को जिंदा जला दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मैनीपुर गांव निवासी सोमारू राम और जियालाल सोनकर के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। चार अगस्त को राजस्व विभाग के अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ विवादित भूमि की पैमाइश की थी। पुलिस को दी गई तहरीर में सोमारू राम ने आरोप लगाया है कि विपक्षी मंगलवार को बाउंड्री वाल का निर्माण करवाकर उसमें गेट लगवा रहे थे।
जिसका उन्होंने विरोध किया। इसी बात पर विपक्षियों ने उनकी पत्नी चमेला देवी (45) को पकड़ लिया और उन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। किसी तरह आग बुझाकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जिला अस्पताल में डाक्टर उसे बचा न सकें।
उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सोमारू राम ने जियालाल, प्रदीप सोनकर, अशोक सोनकर, दिलीप सोनकर, रवि सोनकर और जगजीवन सोनकर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना की खबर मिलते ही एसपी अतुल सक्सेना, सीओ सदर राजकुमार पांडेय भी मौके पर पहुंच कर घटना के बारे में लोगों से पूछताछ की।