पुंछ/मेंढर। जिले की मनकोट तहसील में एक मकान के रसोई घर की छत गिरने से उसके नीचे दब कर डेढ़ साल के एक बालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में छह महीने के बच्ची घायल हो गई है, जिसे उपजिला अस्पताल मेंढर पहुंचाया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक बच्चे की पहचान कमर पुत्र मोहम्मद रियाज के तौर पर हुई है, जबकि घायल बच्ची की पहचान हुनाया पुत्र मोहम्मद रियाज के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार जिले के मेंढर सब डिवीजन की मनकोट तहसील के गांव चरंगरी निवासी मोहम्मद रियाज के मकान की कच्ची रसोई की छत उस समय अचानक गिर गई जब बच्चों की मां उनको रसोई में छोड़ कर किसी काम के लिए बाहर निकली थी। रसोई घर की छत गिरने से रियाज के दोनों बच्चे डेढ़ वर्ष का बेटा और छह महीने की बेटी उसके नीचे दब गए। हादसे का पता चलते ही आस पास के बड़ी संख्या में रियाज के रिश्तेदार और गांव वासी मौके पर पहुंचे और मलबा हटा कर जब बच्चों को बाहर निकाला, तब तक डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो चुकी थी। बच्ची बेहोशी की हालत में थी। लोगों ने दोनों बच्चों को मनकोट स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र लाया, जहां बच्चे की मौत की स्वास्थ्य कर्मी ने पुष्टि की। इसके साथ ही बच्ची को प्राथमिक उपचार देने के बाद उपजिला अस्पताल मेंढर भेज दिया। ब्लाक मेडिकल अधिकारी मेंढर डॉ. परवेज अहमद खान ने बताया कि बच्ची की हालत खतरे से बाहर है। इस हादसे से जहां पूरे गांव में मातम का माहौल बन कर रह गया है। मोहम्मद रियाज और उसके परिजनों विशेष कर उसकी पत्नी गहरे सदमे में हैं। अचानक उसकी गोद में खेलता हुआ बच्चा कमर सदा के लिए उससे जुदा हो गया।