राजोरी। राजोेरी जिले में पिछले कुछ दिनों में कोरोना पॉजिटिव मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। शुक्रवार को 14 नए मामले सामने आए। इनमें दोे किशोर और डॉक्टर भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जो 14 नए मामले सामने आए हैं, उनमें सबसे अधिक मामले सुंदरबनी ब्लॉक से हैं। यहां पर 9 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, जबकि राजोरी मंजाकोट ब्लॉक में 2 और दरहाल ब्लॉक में 3 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
वहीं एक डॉक्टर व दो बच्चों को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों के कांटेक्ट ट्रेसिंग और सैंपलिंग का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। उधर जिले भर में कोरोना वायरस की सैंपलिंग और ट्रेसिंग तथा वैक्सीनेशन भी युद्धस्तर पर जारी है।
डीसी के कड़े निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें जगह-जगह कैंप लगाकर वैक्सीनेशन भी कर रही है। हर आने-जाने वाले का कोरोना टेस्ट भी किया जा रहा है। वही टीमों ने कोविड एसओपी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का सिलसिला जारी रखा है। शुक्रवार को 22680 रुपये जुर्माना वसूला है।
पुंछ जिले में कोरोना ने दी दस्तक, प्रशासन ने शुरू की सख्ती बरतनी
पुंछ। जिला में कोरोना ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को जिले में 31 नए मामले सामने आए है। इनमें से मात्र 3 लोग यात्रा से लौटने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के निर्देश पर सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। जिला विकास आयुक्त इंद्रजीत ने पत्रकारों के माध्यम से लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी उपायों को सख्ती से अपनाने का आह्वान किया है। लोगों के साथ ही दुकानदारों से आग्रह किया है कि वह खुद भी मास्क का प्रयोग करें और ग्राहकों को भी मास्क लगाने के लिए प्रेरित करें। दुकानों पर अधिक भीड़ जमा न होने दें। जिला विकास आयुक्त का कहना है कि प्रशासन एवं पुलिस की तरफ से सख्ती बरतनी शुरू कर दी गई है। संक्रमण से बचाव के उपायों की अनदेखी करने वालों से जुर्माना वसूलने सहित सभी प्रकार की कार्रवाई की जा रही है। टेस्टों की संख्या भी बढ़ाई गई है।