पुंछ। जिले के मंडी तहसील मुख्यालय में पुलस्त नदी पर श्री बुड्ढा अमरनाथ मंदिर एवं लोरन और सावजियां क्षेत्र के लिए बनाए जा रहे बाईपास पुल का निर्माण वर्षों से लटका है। इससे मंडी निवासियों में रोष है।
लोगों का आरोप है कि जब पुल का निर्माण शुरू हुआ तो हम लोगों को खुशी हुई कि अब मुख्य बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। चार वर्ष बीत जाने के बाद भी पुल निर्माण बीच में ही लटका है। निर्माण कराने वाले बड़े ही सुस्त रफ्तार से काम करा रहे हैं। जो एक दो माह चलता है फिर बंद हो जाता है। अभी पिछले कुछ माह से पुल के एक हिस्से के लिए सरिया बिछाने का काम किया गया है, जबकि दूसरे हिस्से का काम भी शुरू नहीं किया गया है। जहां सरिया बिछाया गया है, वहां स्लैब तक नहीं डाला गया है। बाईपास पुल का निर्माण कार्य बीच में ही पड़े होने के कारण मंडी कस्बे के मुख्य बाजार में जाम लगने से जहां आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दुकानदारों का कामकाज भी ठप होकर रह गया है। क्षेत्र के लोगों सरफराज अहमद, आशिक हुसैन, एजाज अहमद आदि का कहना है कि मंडी कस्बे में पुलस्त नदी पर 50 साल पहले बना पुल सिंगल है उससे एक समय में एक ही गाड़ी गुजर सकती है, वहीं पुल पुराना होने के कारण वह खस्ता हाल भी हो गया है। ऐसे में बाईपास पुल की बहुत जरूरत है। इन लोगों की मांग है कि बाईपास पुल का निर्माण कार्य इस माह के अंत में शुरू होने वाली श्री बुड्ढा अमरनाथ यात्रा से पहले कार्य पूरा किया जाए। ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही आम लोगों को राहत मिल सके। क्योंकि पुराने पुल के कारण यात्रा के दिनों में कई घंटों तक लंबा जाम लग जाने से जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हो कर जाता है।
गौरतलब है कि मंडी कस्बे के पड़ी बाजार और अजमाबाद के बीच कई दशकों से लोगों के बाईपास पुल लगाने की मांग के बाद करीब चार वर्ष पूर्व बाईपास पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। जोकि आज तक आधा अधूरा ही बन पाया है। इस पुल के बन जाने से जहां श्री बुड्ढा अमरनाथ यात्रा पर आने वाले लोगों को आसानी होगी। वहीं नियंत्रण रेखा के सावजियां आदि क्षेत्रों में तैनात सेना का साजो सामान और जवानों की आवाजाही में भी किसी प्रकार की कोई देरी नहीं हो पाएगी।
बनपूरी जोगीनाला सड़क की खस्ताहालत से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरबनी। लोअर भजवाल पंचायत के गांव बनपूरी से जोगीनाला जाने वाली सड़क की हालत खस्ता होने से लोग परेशान हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
स्थानीय निवासियों मोहर सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, केवल कृष्ण, हेमराज, बाल सिंह आदि का कहना है कि बनपूरी से जोगीनाला सड़क का निर्माण बीस वर्ष पूर्व शुरू हुआ था, लेकिन बीस वर्षों का समय बीतने के बाद भी बनपूरी से जोगीनाला जाने वाली सड़क पर तारकोल नहीं डाला गया है। आज मार्ग की हालत यह है कि सड़क पर वाहन तो दूर लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग के पास उक्त सड़क के निर्माण को पूरा कराने के लिए आज तक जितने भी फंड्स आए हैं। हमेशा उन्हें बगैर काम कराए डकार दिया गया। उन्होंने कि इस समय भी अप्रैल से उक्त सड़क पर तारकोल डालने के लिए 33 लाख रुपये का टेंडर एक ठेकेदार के नाम हुआ है, लेकिन विभाग के अधिकारियों तथा ठेकेदार की मिलीभगत के कारण आज तक सड़क पर तारकोल नहीं डाला गया है। उन्होंने एलजी प्रशासन से गुहार लगाई कि बनपूरी जोगीनाली सड़क के नाम पर आज तक जितने भी फंड्स आए हैं उनका हमेशा दुरुपयोग होता रहा है और बनपूरी जोगीनाला के लोगों को सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि अगर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर तारकोल डालने का काम शुरू नहीं कराया गया तो मजबूर होकर अब विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरना पड़ेगा।