पुंछ। शुक्रवार को जिले में कुछ घंटों तक बंद रहने के बाद एक बार फिर निचले क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होने लगी, जो दिन भर जारी रही। इससे तापमान में भारी गिरावट आने और कई क्षेत्रों में मार्ग बाधित होने से जनजीवन प्रभावित हो कर रह गया।
बर्फबारी प्रभावित अधिकतर क्षेत्रों में बिजली, पानी की सप्लाई भी ठप होकर रह गई। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि वीरवार सुबह तक लगातार तीन दिनों से जिले में बारिश और बर्फबारी होती रही थी।
वीरवार दोपहर से शुक्रवार सुबह तड़के तक बारिश एवं बर्फबारी थम गई थी। इससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन शुक्रवार को सुबह तड़के से ही एक बार फिर जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने लगी थी, जो देर रात समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
इस बीच जिले के कई क्षेत्रों में जहां बर्फबारी से फिसलन पैदा होने से यातायात प्रभावित हुआ, वहीं जिले के बींबरगली, हमीरपुर मार्ग और बालाकोट वाया बसूनी मेंढर मार्ग पर भूस्खलन होने के चलते कई घंटों तक मार्ग अवरुद्ध होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होकर रह गई। इस बीच कुछ घंटों के बाद प्रशासन के प्रयासों से सड़क मार्गों से मलबा हटाने के बाद यातायात बहाल किया जा सका।