पुंछ। राजोरी के अप्पर ढांगरी गांव में आतंकी हमले के विरोध में वीरवार को सुरनकोट में शांती पूर्वक चक्का जाम एवं बंद रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान एवं आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका और केंद्र सरकार से आतंकवाद को समाप्त करने की मांग की।
सुरनकोट में सनातन धर्मसभा और व्यापार मंडल की तरफ से चक्का जाम एवं बंद का आह्वान किया गया था। इसका ट्रांसपोर्ट यूनियन, बार एसोसिएशन, जमात एहले सुन्नत सहित दर्जनों धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों ने समर्थन किया था।
सुबह से ही सुरनकोट तहसील में सड़कों से सभी प्रकार के वाहन नदारद हो गए थे। बाजार एवं व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद थे। दोपहर को व्यापार मंडल के प्रधान अजहर मनहास की अगुवाई में सनातन धर्म सभा एवं अन्य संगठनों के सदस्य मुख्य बाजार में एकत्र हुए और पाकिस्तान एवं आतंकवाद का पुलता फूंका गया। प्रदर्शनकारियों ने राजोरी हमले की निंदा की।