पुंछ। जिले भर में दिव्यांगों के लिए सरकारी कार्यालयों एवं बैंकों में बैठने की अलग एवं उचित व्यवस्था की जाए। उन्हें सम्मान से देखने के साथ ही उनके कार्यों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए।
इसकी मांग बुधवार को दिव्यांगों के संगठन जिला हैंडीकैप्ड एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रधान मोहम्मद फरीद मलिक और सचिव मोहम्मद रशीद शाहपुरी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी मोहिंदर पाल से उनके कार्यालय में की। उसके बाद उपायुक्त इंद्रजीत से मुलाकात करने के दौरान समस्याएं उजागर कीं। दोनों ही अधिकारियों ने दिव्यांगों की इस मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया सरकार की तरफ से दिव्यांगों के लिए कई प्रकार की सुविधाओं की घोषणाएं की गई है, लेकिन जिले में अभी भी दिव्यांगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जब हमारे जैसे लोग किसी कार्यालय में जाते हैं, तो वहां अकसर यह कह कर लौटा दिया जाता है कि साहब व्यस्त हैं। हमें और हमारे जैसों को बैंकों में पैंशन लेने के लिए घंटों कतार में लगना पड़ता है। इसलिए हमने सरकारी कार्यालयों एवं बैंकों में दिव्यांगों के बैठने के लिए अलग व्यवस्था करने की मांग की है।