पुंछ जिले की मंडी तैहसील के गांव जालियां में लगी आग और जले सामान में किताब कापी तलाशते बच्चे और जल?
- फोटो : POONCH
पुंछ। मंडी तहसील की आजमाबाद पंचायत के गांव जालियां में शार्ट सर्किट से सोमवार रात एक तीन मंजिला मकान में आग लग जाने से मकान पूरी तरह जल कर राख हो गया। मकान में रहने वाले तीन परिवारों के 25 सदस्य पूरी तरह बेघर हो गए। मकान में रखा सारा सामान, अनाज, बर्तन कपड़े सब कुछ स्वाह हो गया। आसपास के ग्रामीणों, पुलिस, फायर ब्रिगेड और सीआरपीएफ के जवानों की तत्काल कार्रवाई से मकान में मौजूद सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला और कड़े प्रयास से कई घंटों के बाद आग पर काबू पाते हुए आस पास के घरों को राख होने से बचा लिया गया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल वित्तीय सहायता देने की मांग करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में बर्फबारी होने वाली है। ऐसे में बिना छत के इन तीन परिवारों का जीना कठिन हो जाएगा। सोमवार रात करीब 1.45 बजे मंडी की आजमाबाद पंचायत के गांव जालियां निवासी पीरजादा खुर्शीद अहमद का टीन और लकड़ी से बने तीन मंजिला मकान के ऊपरी मंजिल में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसका पता चलने पर सौ रहे परिवार के सदस्यों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसे सुन कर निचली मंजिलों में सो रहे अन्य लोग भी जाग गए और बच्चों को सबसे पहले बाहर निकाला।
शोर सुन कर आसपास के ग्रामीण भी घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े और मकान में रहने वालों को बाहर निकालने में सहयोग करने लगे। लकड़ी से बना मकान होने के कारण आननफानन में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस बीच कुछ ही पलों में तहसील मुख्यालय मंडी से पुलिस, सीआरपीएफ एवं फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई और सड़क से करीब 500 मीटर दूर स्थित मकान तक पाईपें बिछा कर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। तीन चार घंटों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।