बेमौसम बारिश ने सड़कों को भी बदहाल कर दिया है। शहर के बीचोंबीच से गुजरने वाले वाहनों की रेलमपेल लग रही है तो शहर को कसबों से जोड़ने वाली सड़कों का हाल भी बुरा है। गड्ढों से पटी सड़कों पर अत्यधिक कीचड़ से वाहनों की आवाजाही अपनी सामान्य गति से कम हो रही है। नतीजतन कई स्थानों पर पिछले तीन दिनों से लंबा जाम लग रहा है।
सबसे ज्यादा दिक्कत उन इलाकों में है, जहां पर निर्माण कार्य चल रहा है। बिक्रम चौक से गांधीनगर सड़क मार्ग तक चल रहे फ्लाई ओवर निर्माण कार्य से पुरानी सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। जिला पुलिस लाइन जम्मू के मुख्यद्वार के नजदीक बिक्रम चौक से गांधीनगर जाती लेन पर सड़क गड्ढों से पटी पड़ी है।
पिछले तीन दिनों में हुई जोरदार बारिश से गड्ढों में पानी भर गया। ऐसे में बारिश के पानी से भरे गड्ढे आवाजाही करते वाहनों को हिचकोले खाने को मजबूर कर रहे हैं। फ्लाई ओवर निर्माण के साथ सड़क की मरम्मत का काम न करने से दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
इसी तरह से नेशनल हाईवे पर गंगयाल के नजदीक निर्माणाधीन सड़क पर बारिश का पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही के लिए आफत बनी रही। उधर सतवारी आरएस पुरा सड़क की बदहाल हालत से रोजाना जाम लग रहा है। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़क में बारिश का पानी भरने से दुश्वारियां सातवें आसमान पर हैं।