जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया। भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। पठानकोट हमले के बाद पाक सेना ने पहली बार सीजफायर का उल्लंघन किया। पुंछ सेक्टर के शाहपुर क्षेत्र में लगभग 10 महीने बाद संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया है।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने बताया पाकिस्तानी सेना ने पुंछ सेक्टर में बिना किसी उकसावे के फिर से संघर्षविराम उल्लंघन किया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ सेक्टर के शाहपुर इलाके में स्वचालित हथियारों से तड़के चार बज कर करीब 30 मिनट पर गोलीबारी कर संघर्षविराम का उल्लंघन किया।
प्रवक्ता ने बताया हमारे सैनिकों ने समुचित जवाब दिया। हमारे सैनिकों को किसी तरह का नुकसान होने या उनके हताहत होने की खबर नहीं है।