महाराजा गुलाब सिंह अस्पताल (एसएमजीएस) शालामार में रविवार की आधी रात ईएनटी आपरेशन थियेटर के आटोक्लेव रूम में आग लगने के बाद सोमवार सुबह चारों ईएनटी आपरेशन थियेटर बंद रखे गए। इससे दर्जन से अधिक आपरेशन टल गए। आपरेशन थियेटरों में फैले धुएं को बाहर निकालने के साथ दुर्गंध को दूर किया गया। आटोक्लेव रूम में सफेदी और अन्य मरम्मत का काम कराया गया।
अस्पताल के अधीक्षक डा. दारा सिंह के अनुसार एहतियात के तौर पर सभी ओटी बंद रखे गए। मंगलवार से दो आपरेशन थियेटरों को खोलने की तैयारी की गई है। जीएमसी प्रशासन की ओर से गठित की गई कमेटी आग के साथ भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो इस पर काम कर रही है। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
ईएनटी यूनिट की पहली मंजिल पर स्थित आटोक्लेव रूम में सोमवार सुबह सफाई करवाकर जले हुए सामान को बाहर निकाला गया। मशीन का स्ट्राटर काम नहीं कर रहा है, जिसे दुरुस्त बनाने का काम किया जा रहा था।
थियेटर के बंद रहने से सुबह भी आसपास के सभी कमरों में धुएं के फैली दुर्गंध थी। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर तत्काल काबू पाकर बड़ी घटना होने से रोक दी थी। आगामी दिनों में आपरेशन थियेटर सामान्य होने पर कुछ दिन आपरेशन का लोड बढ़ेगा।