आज से एनआईटी में परीक्षाएं शुरू हो गई हैं लेकिन परीक्षा में सिर्फ लोकल स्टूडेंट ही हिस्सा ले रहे हैं। राज्य के बाहर के छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया हैं। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि कई और विद्यार्थी घर जाना चाहते हैं। ऐसे में कैंपस छोड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
एनआईटी प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अभी तक लगभग 150 से अधिक छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। कालेज प्रशासन को घर जाने के लिए लगातार एप्लिकेशन मिल रहे हैं।
एनआईटी श्रीनगर बोर्ड आफ गवर्नर्स (बीओजी) की भी सोमवार को बैठक होनी है जिसमें छात्रों की विभिन्न मांगों पर विचार किया जाएगा। एक बार फिर एनआईटी प्रशासन ने घर जाने वाले छात्रों से ई-मेल के जरिये सूचना देने को कहा है।
इसके साथ उनके माता-पिता का सहमति पत्र, फोन नंबर तथा पता भी देना होगा। संस्थान प्रशासन का कहना है कि छात्रों से मिली सूचना के आधार पर उन्हें घर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।