मात्र दो हजार रुपयों की खातिर एक नाती ने ही अपनी नानी का गला रेत कर हत्या कर डाली। जम्मू-कश्मीर के गंग्याल इलाके में हुए ब्लाइंड मर्डर केस को पुलिस ने सुलझा लिया है।
आरोपी दोहता चोरी करने के इरादे से नानी के घर आया था लेकिन बेखबर उसकी नानी ने उसके लिए चाय बनाई और उसे पीने को दी। बाद में उसने कहा कि नानी चाय में नमक डालना है, में रसोई से नमक लेकर आता हूं।
इसी बीच वह रसोई से चाकू उठा कर ले आया और उसने अपनी बूढ़ी नानी का गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने घर से दो हजार रुपये और गहने चुराए और कमरे को ताला लगा कर भाग निकला।
जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू तथा घर की चाबी भी बरामद कर ली गई। जो उसने बाड़ी ब्राह्मणा के तेली बस्ती इलाके में फेंकी थी।
नौ जनवरी को गंग्याल पुलिस थाना के अंतर्गत रतनूचक इलाके के मोहल्ला भद्रवाही में एक बूढ़ी महिला बसंती देवी पत्नी मंगत राम निवासी डोडा, जो कि काफी समय से रतनूचक इलाके में ही रहती थी, का शव बरामद किया गया। जांच में घर से पैसे तथा सोने का मंगलसूत्र गायब पाया गया था।
जांच के दौरान पता चला कि महिला का बेटा तथा बहू सुबह ही काम के लिए घर से निकल गए थे। दोपहर को जब उसका पोता आया तो उसने पाया कि घर बाहर से बंद था, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को एक युवक पर शक हुआ, जो कि मृतका का दोहता संजय रैना पुत्र बासी राम था, क्योंकि कुछ लोगों ने उस दिन उसे महिला के घर जाते हुए देखा था। जब पुलिस ने उससे कड़ी पूछताछ की तो उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह उस दिन महिला के घर में चोरी करने के इरादे से गया था। उसे पता था कि उसकी बूढ़ी नानी घर में अकेली होती है।