फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू में गृह राज्य मंत्री ने सीईओ को जड़े थप्पड़

Fri, 19 Apr 2013 07:13 PM IST
जम्मू/किश्तवाड़/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
किश्तवाड़ में मुख्यमंत्री के लिए किए गए इंतजामों से नाखुश गृह राज्य मंत्री सज्जाद अहमद किचलू इस कदर आपे से बाहर हो गए कि उन्होंने किश्तवाड़ डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ रियाज अहमद चौधरी को थप्पड़ जड़ दिए।
विज्ञापन


बात यहीं पर नहीं थमी, इसके बाद उनके समर्थकों ने भी अफसर को बुरी तरह पीटा और कपड़े भी फाड़ डाले। पुलिस-प्रशासन के तमाम आला अफसर मौके पर मौजूद थे।

घटना के बाद पुलिस ने सीईओ को मौके से हटा लिया ताकि मुख्यमंत्री के सामने कोई बखेड़ा खड़ा न हो।

बाद में सीईओ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। केएएस अफसरों की एसोसिएशन के नुमाइंदों ने मुख्य सचिव से मुलाकात की। पीडीपी, भाजपा और पैंथर्स पार्टी ने घटना को बेहद निंदनीय बताया।

किश्तवाड़ गृह राज्य मंत्री किचलू का विधानसभा क्षेत्र भी है। सीईओ रियाज का कहना है कि बृहस्पतिवार को टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में सुविधाओं का निरीक्षण करने गए किचलू ने कमियां गिनाते हुए खरी खोटी सुनाई।
विज्ञापन


सफाई देने पर तू तू मैं मैं की स्थिति बन गई। इसी पर मंत्री अपना आपा खो बैठे। बकौल रियाज, मंत्री ने एक के बाद एक लगातार दो थप्पड़ मारे। अफसर ने मंत्री को टोका तो कार्यकर्ता भी भड़क गए।

आरोप है कि फिर कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों ने भी अफसर की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस के आला अधिकारी मूक दर्शक बने रहे।

पैंथर्स पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि अगर अफसर से मंत्री को कोई शिकायत थी तो उसे कानूनी तरीके से डील किया जाना चाहिए था। हाथापाई गलत है।

पीडीपी के प्रवक्ता नईम अख्तर ने कहा है कि इस घटना ने यह साबित किया है कि प्रदेश में अराजकता की स्थिति कायम है। पहले भी मंत्री एसी हरकत करते रहे हैं।

ऐसा आचरण मंत्री को शोभा नहीं देता है। सत्ता के नशे में अफसरों से ऐसा व्यवहार निंदनीय है। दरअसल नेकां का जनाधार खिसकता देखकर मंत्री परेशान हैं। वे हताशा में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
जुगल किशोर शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

अफसरों ने कहा, ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं

केएएस अफसर एसोसिएशन ने भी घटना की कड़ी निन्दा करते हुए कहा है कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी रही हों लेकिन पिटाई की आपराधिक हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गृह राज्य मंत्री पर पूरी रियासत के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। उनके द्वारा ऐसी हरकत गलत है। एसोसिएशन ने मुख्य सचिव इकबाल अहमद खांडे से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें