रियासत में नए युग की शुरूआत, महबूबा ने संभाली रियासत की कमान
Tue, 05 Apr 2016 10:19 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/जम्मू
सार
-निर्मल सिंह ने दूसरी बार बने उप मुख्यमंत्री
-लगभग तीन महीने से लगा राज्यपाल शासन समाप्त
-पीडीपी के चार और भाजपा कोटे के दो पूर्व मंत्रियों को झटका
-पीडीपी-भाजपा की ओर से दो-दो नए चेहरे शामिल
महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में पीडीपी-भाजपा की दूसरी पारी शुरू होने के साथ ही रियासत में नए युग की शुरूआत हुई। रियासत की पहली मुख्यमंत्री बनकर महबूबा को इतिहास रचने का गौरव हासिल हुआ है। इसके साथ ही दूसरी बार भाजपा के डा. निर्मल सिंह ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली।
विज्ञापन
मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री के अलावा 16 कैबिनेट और छह राज्य मंत्री हैं। इसके साथ ही रियासत में मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद आठ जनवरी से लागू राज्यपाल शासन समाप्त हो गया है। शपथ ग्रहण समारोह का पीडीपी सांसद तारिक हमीद कर्रा ने बहिष्कार किया। ज्ञात हो कि पूर्व मंत्रिमंडल में मुफ्ती सहित मंत्रियों की संख्या 25 थी।
महबूबा मंत्रिमंडल में मुफ्ती सरकार में मंत्री रहे पीडीपी के चार तथा भाजपा के दो सदस्यों को मौका नहीं मिल पाया। पीडीपी से कैबिनेट मंत्री रहे कद्दावर नेता अल्ताफ बुखारी व जावेद मुस्तफा मीर, राज्यमंत्री रहे अशरफ मीर व अब्दुल मजीद पाडर तथा भाजपा के धाकड़ नेता सुखनंदन कुमार को दोबारा मौका नहीं मिला। इसके साथ ही उधमपुर से निर्दलीय विधायक और भाजपा कोटे से राज्य मंत्री रहे पवन गुप्ता को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
विज्ञापन
मंत्रिमंडल में पीडीपी और भाजपा की ओर से दो-दो नए चेहरों को शामिल किया गया है। भाजपा की ओर से शाम लाल चौधरी व अजय नंदा तथा पीडीपी की ओर से फारूक अहमद अंद्राबी व जहूर अहमद मीर को मौका दिया गया है। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में ठीक सुबह 11 बजे शुरू हुआ। राज्यपाल ने सबसे पहले महबूबा मुफ्ती को पद की शपथ दिलाई।
इसके बाद डा. निर्मल सिंह ने ली। फिर बारी-बारी से पीडीपी और भाजपा के एक-एक मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पीडीपी के मंत्रियों ने उर्दू और अंग्रेजी में तो भाजपा के मंत्रियों ने हिंदी और डोगरी में शपथ ली।
केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, डा. जितेंद्र सिंह, हरसिमरत कौर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, पूर्व मुख्यमंत्री डा. फारूक अब्दुल्ला व उमर अब्दुल्ला भी इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने। शपथ ग्रहण समारोह बिल्कुल सादा रहा।
महबूबा के मंत्री
कैबिनेट मंत्री
पीडीपी : अब्दुल रहमान भट वीरी, गुलाम नबी लोन, अब्दुल हक खान, सैय्यद बशारत अहमद बुखारी, हसीब ए द्राबू, चौधरी जुल्फिकार अली, सैय्यद नईम अख्तर अंद्राबी व इमरान रजा अंसारी
भाजपा : डा. निर्मल कुमार सिंह, चंद्रप्रकाश गंगा, बाली भगत, चौधरी लाल सिंह, सज्जाद गनी लोन, शेरिंग दोरजे, शाम लाल चौधरी, अब्दुल गनी कोहली
राज्य मंत्री
पीडीपी : आसिया नक्काश, फारूक अहमद अंद्राबी, जहूर अहमद मीर
भाजपा : सुनील कुमार शर्मा, प्रिया सेठी, अजय नंदा
बाहर : पीडीपी के अल्ताफ बुखारी, जावेद मुस्तफा मीर, अशरफ मीर व अब्दुल मजीद पाडर तथा भाजपा के धाकड़ नेता सुखनंदन कुमार, भाजपा कोटे से राज्य मंत्री रहे पवन गुप्ता
अंदर : भाजपा के शाम लाल चौधरी व अजय नंदा तथा पीडीपी के फारूक अहमद अंद्राबी व जहूर अहमद मीर